CM HELPLINE के प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से अटेंड कर समय-सीमा में करे निराकृत : कलेक्टर वर्मा ने दिये निर्देश Address every CM Helpline application seriously and resolve it within the stipulated timeframe.

सीएम हेल्पलाइन के प्रत्येक आवेदन को गंभीरता
 से अटेंड कर समय-सीमा में करे निराकृत 

------
लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
---
समय सीमा के पत्रों के निराकरण (टी.एल.) की बैठक सम्पन्न

इंदौर 17 अगस्त 2026
 कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में  समय-सीमा के पत्रों के निराकरण (टी.एल.) संबंधी बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों सहित शासन की रोजगारमूलक एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों से संबंधित प्रकरणों का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक आवेदन को अनिवार्य रूप से अटेंड करते हुए उसके निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने अथवा निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

 बैठक में विभाग से संबंधित जानकारी संतुष्टिपूर्वक प्रस्तुत नहीं करने पर वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी श्री सुभाष शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि टी.एल. बैठक में मांगी गई जानकारी अद्यतन एवं तथ्यात्मक रूप से प्रस्तुत की जाए तथा विभागीय अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित मामलों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करें।
 बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रिंकेश वैश्य, श्री रोशन राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

सीएम हेल्पलाइन की विस्तृत समीक्षा

 कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से अटेंड किया जाए और शिकायतकर्ता से आवश्यकतानुसार संपर्क कर उसकी समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। केवल औपचारिक रूप से शिकायत बंद नहीं की जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने विभाग में लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बरतने पर सहायक श्रमायुक्त श्री डी.पी. सिंह सहित एक अन्य कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किये गए। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर श्री वर्मा ने समय-सीमा में राजस्व प्रकरणों का निराकरण नहीं किए जाने पर तहसीलदार श्री अनिल पटेल को भी शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।  उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख दुरुस्ती सहित अन्य राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने राजस्व निरीक्षक वृत्तवार आयोजित किए जा रहे विशेष राजस्व शिविरों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि शिविरों में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया जाए और प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

रोजगारमूलक एवं कल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश

 कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने रोजगारमूलक एवं कल्याणकारी योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विभागीय अधिकारी पात्र हितग्राहियों की पहचान, आवेदन प्रक्रिया और स्वीकृति से लेकर योजना का लाभ मिलने तक की पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें।

फायर सेफ्टी एवं बेसमेंट पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा

 कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं तथा बेसमेंट में पार्किंग व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराया जाए। फायर सेफ्टी से संबंधित लंबित कार्रवाई को प्राथमिकता से पूर्ण करें और जहां कमियां पाई जाएं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने बेसमेंट का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप पार्किंग के लिए सुनिश्चित कराने तथा अनियमितताओं पर कार्रवाई की गति तेज करने के निर्देश दिए।
 बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने ‘जन विश्वास अभियान’ की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शुक्रवार को गांव-गांव में आयोजित होने वाले शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए। शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं एवं मांगों को मौके पर सुनकर संबंधित विभागों द्वारा यथासंभव त्वरित निराकरण की कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए।
 कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि टी.एल. बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और आगामी बैठक तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। 

उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं और नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ENCOUNTER NEWS MP 

Post a Comment

0 Comments