इन्दौर पुलिस के 11 अधिकारियों को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई,
नई जीवन पारी के लिए दी शुभकामनाएं
इन्दौर। इन्दौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले 11 पुलिस अधिकारियों के सम्मान में सोमवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय, पलासिया स्थित सभागार में गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों की वर्षों की उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानपूर्वक याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की गई।
पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) श्री आर. के. सिंह तथा रक्षित निरीक्षक श्री दीपक कुमार पाटिल सहित वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस कर्मियों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे।
समारोह में निरीक्षक शिवकुमार पटेल, उपनिरीक्षक संत बहादुर सिंह, मुकुंदीलाल अहिरवार, उपनिरीक्षक (अ) सुश्री कला क्षेत्री, सहायक उपनिरीक्षक प्रेमसिंह चौहान, लेओस कुजूर, माखनलाल पटेल, संजय सिसौदिया, हरिओम दाईपुरिया, शिवराज सिंह गुर्जर तथा आरक्षक मदन कुमार शर्मा को शाल, श्रीफल, स्मृति-चिह्न एवं पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर. के. सिंह ने कहा कि सभी अधिकारियों ने अनुशासित पुलिस सेवा में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अपना अमूल्य योगदान देकर समाज और विभाग की सेवा की है। अब समय है कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए परिवार के साथ जीवन की नई पारी का आनंद लें, अपने शौकों को समय दें तथा रचनात्मक कार्यों से जुड़े रहें। उन्होंने सभी को समय और पूंजी का विवेकपूर्ण निवेश करने की भी सलाह दी
वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस परिवार से उनका संबंध बना रहेगा। वे कभी भी विभाग में आकर अपने अनुभव साझा कर सकते हैं तथा युवा पुलिसकर्मियों का मार्गदर्शन कर सकते हैं।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपने सेवाकाल की यादगार एवं भावनात्मक स्मृतियाँ साझा कीं। कार्यक्रम का समापन भावुक माहौल में हुआ, जब सभी अधिकारियों ने अपने साथियों से आत्मीय विदाई ली और जीवन की नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं प्राप्त कीं।
इंदौर से ENCOUNTER NEWS M.P
0 Comments