केयर टेकर बनकर करती थी चोरी जूनी
इंदौर पुलिस ने महिला आरोपी को दबोचा
दो नकबजनी की वारदातों का खुलासा, करीब 10 लाख रुपये के सोने के जेवर व नकदी बरामद
इंदौर। जूनी इंदौर थाना पुलिस ने घरों में केयर टेकर बनकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर दो नकबजनी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण एवं नकदी बरामद की है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर शहर में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त सुनील कुमार मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दीशेष अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने मामले का पर्दाफाश किया।
पुलिस के अनुसार 26 मार्च 2026 को सर्वोदय नगर स्थित एक फ्लैट से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। वहीं 23 जुलाई 2026 को सिंधी कॉलोनी स्थित एक अन्य मकान से भी सोने के जेवर और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों एवं आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने विनिता पति किशन अग्रवाल, निवासी सिंधी कॉलोनी, को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने दोनों चोरी की वारदातों को स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घरों में केयर टेकर बनकर बच्चों की देखभाल का काम करती थी और मौका मिलते ही घर से कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाती थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चार सोने की चेन, तीन अंगूठियां, दो जोड़ी कान के टॉप्स, एक सोने का लॉकेट (करीब 50 ग्राम), तथा 28,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अब आरोपी से शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक सतीश कुमार गर्ग, सहायक उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह यादव सहित थाना जूनी इंदौर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments