इंदौर में पुलिस का सरप्राइज सघन चेकिंग अभियान,
370 बदमाशों पर कार्रवाई
इंदौर। शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा 1-2 अगस्त 2026 की दरमियानी रात विशेष सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल कमिश्नर (क्राइम) आर.के. सिंह एवं एडिशनल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) मयंक अवस्थी के मार्गदर्शन में चारों पुलिस जोनों में एक साथ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने गुंडे, बदमाश, निगरानीशुदा अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों की व्यापक जांच करते हुए 370 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। विभिन्न प्रकरणों में 163 से अधिक वारंट तामील किए गए, जिनमें 51 स्थायी, 38 गिरफ्तारी तथा 74 जमानती वारंट शामिल हैं।
पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सख्ती बरतते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 138 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 11 प्रकरण तथा अवैध मादक पदार्थ का सेवन करने वाले एक आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
अवैध हथियारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए थाना एरोड्रम पुलिस ने एक आरोपी को चाकू सहित गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। वहीं आदतन अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 52 बदमाशों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कार्रवाई एवं समंस तामील किए गए।
अभियान के दौरान हॉटस्पॉट, शैडो एरिया और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन एवं बाइक पेट्रोलिंग के माध्यम से निगरानी रखी गई। होटल, लॉज, रैन बसेरों, ढाबों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की विशेष जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सक्रिय एवं आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर उनके डोजियर भरवाए, रेड एवं यलो नोटिस जारी किए तथा भविष्य में अपराध नहीं करने की शपथ दिलाई। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद कर साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम और सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया।
पुलिस के अनुसार इस विशेष अभियान में कई फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी है। इंदौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
ENCOUNETR NEWS M.P
0 Comments