"इंदौर का अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त,श्री टंट्या मामा भील अंतरराज्यीय बस टर्मिनल जल्द होगा शुरू",The Shri Tantya Mama Bhil Inter-State Bus Terminal in Indore, Equipped With State-Of-The-Art Facilities, Will Soon Become Operational.

इंदौर का अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त श्री टंट्या मामा भील अंतरराज्यीय बस टर्मिनल जल्द होगा शुरू

संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इंदौर, 01 जुलाई 2026
 मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर इंदौर में निर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित श्री टंट्या मामा भील अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके संचालन की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है और इसे अति शीघ्र आमजन के लिए प्रारंभ किया जाएगा। इसी सिलसिले में इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने आज कुमेड़ी स्थित श्री टंट्या मामा भील अंतरराज्यीय बस टर्मिनल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां उपलब्ध कराई जाने वाली व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाडे, स्मार्ट सिटी के सीईओ श्री अर्थ जैन सहित जिला प्रशासन, इंदौर विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
 संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया कि यह बस टर्मिनल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार तैयार किया गया है और इसका निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है इसके संचालन एवं रखरखाव के लिए चयनित कंपनी की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है और कंपनी शीघ्र ही कार्यभार संभालेगी। उन्होंने बताया कि लगभग 123 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह बस टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित प्रतीक्षालय, पार्किंग, खानपान, सुरक्षा व्यवस्था सहित मेट्रो कनेक्टिविटी और सिटी बसों के लिए भी समुचित व्यवस्था की गई है। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि यह बस टर्मिनल न केवल इंदौरवासियों के लिए परिवहन सुविधा को बेहतर बनाएगा, बल्कि प्रदेश एवं अन्य राज्यों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक संसाधनों के कारण यह भविष्य में शहर के यातायात प्रबंधन को भी नई दिशा देगा।
 इंदौर के कुमेड़ी में एयरपोर्ट की तर्ज पर सर्वसुविधाओं से युक्त तथा वातानुकूलित मध्यप्रदेश के सबसे बड़े अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) की सौगात शीघ्र मिलने जा रही है। इस बस टर्मिनल से इंदौर और मध्यप्रदेश का देश में गौरव बढ़ेगा। लगभग 15 एकड़ क्षेत्रफल में 101 करोड़ रुपये की लागत से यह अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) बनाया गया है। यह बस टर्मिनल सिंहस्थ के लिये भी बड़ी सौगात होगा। इसके माध्यम से यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी। 

 बताया गया कि आईएसबीटी पर लगभग 1440 बसें 24 घंटे में आयेंगी। बस टर्मिनल पूर्णतः वातानुकूलित व सर्वसुविधायुक्त बनेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए 14 टिकट काउन्टर रहेंगे। लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग सुविधा भी रहेगी। कुल 43 बस प्लेटफार्म निर्मित किये गये हैं। जिसमें 28 प्लेटफार्म जाने वाली बसों के लिए एवं 15 प्लेटफार्म आने वाली बसों के लिए निर्धारित किये गये हैं। टर्मिनल बिल्डिंग में प्रतिदिन 80 हजार यात्रियों का आवागमन प्रस्तावित है, जिसमें भीड़ वाले समय पर लगभग 8 हजार व्यक्ति एक साथ आवागमन कर सकेंगें। यात्री बसों के आगमन एवं निर्गम हेतु पृथक-पृथक द्वार बनाये गये हैं।

आईएसबीटी परिसर में लगभग 600 दो पहिया वाहन, 160 कार टैक्सी, 150 आटो रिक्शा एवं लगभग 50 प्रायवेट कारों के लिए पृथक से पार्किंग की व्यवस्था की गयी है। इसके अत्तिरिक्त लगभग 315 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था तल घर में भी है। पार्किंग स्थल पर दो सुलभ शौचालय का निर्माण भी किया गया है। टर्मिनल बिल्डिंग में 500 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है एवं एयरपोर्ट के समान वीआईपी लाउंज का भी निर्माण किया गया है। टर्मिनल ब्लॉक में टिकिट काउंटर, पूछताछ कार्यालय, पुलिस चौकी, मेडिकल रूम एवं क्लॉक रूम की व्यवस्था भी की गई है। संपूर्ण टर्मिनल बिल्डिंग में एयरपोर्ट की तरह एयर कूलिंग सिस्टम रहेगा जो कि प्रदेश के किसी भी आईएसबीटी में नहीं है। 

यात्रियों की सुविधा हेतु 16 रेस्टोरेन्ट, 37 दुकानें, 33 कार्यालय भवन एवं 2 एटीएम का भी निर्माण किया गया है। आईएसबीटी को मेट्रो स्टेशन से भी सीधे जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से मेट्रो के यात्री सीधे बस स्टैण्ड परिसर में एवं बस के यात्री सीधे मेट्रो स्टेशन पहुंच सकेंगें। आवागमन की सुविधा हेतु आईएसबीटी के सामने 75 मीटर चौड़ा एमआर-10 एवं तीन तरफ 30 मीटर चौड़े रोड बनाये गये हैं। परिसर में वर्षा पानी के रिचार्जिंग की व्यवस्था भी की गई है।
फिलहाल बस टर्मिनल के संचालन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 
इसे जल्द ही आम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा
 इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP


Post a Comment

0 Comments