इंदौर में तीन जगहों पर आयोजित किये गए राजस्व शिविर, सैकड़ों नागरिकों को मिला राजस्व संबंधित समस्याओं का तत्काल समाधान,Revenue camps organized at three locations in Indore; hundreds of citizens received immediate solutions to revenue-related issues.


इंदौर में तीन जगहों पर आयोजित किये गए राजस्व शिविर, सैकड़ों नागरिकों को मिला राजस्व संबंधित समस्याओं का तत्काल समाधान

इंदौर, 29 जुलाई 2026
 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण के लिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप इंदौर जिला प्रशासन द्वारा अभिनव पहल करते हुए राजस्व निरीक्षक वृत्त स्तर पर विशेष राजस्व जनकल्याण शिविरों का आयोजन किये जा रहे हैं। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांव में ही राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा वर्षों से लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
 इसी क्रम में आज जिले की राउ तहसील के ग्राम रिजलाय, कनाडिया के ग्राम बिसनखेड़ा और देपालपुर तहसील के बेटमा में विशेष राजस्व जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। शिविरों में प्राप्त अनेक प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई।
 शिविरों में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रास्ता संबंधी विवाद, अभिलेखों में त्रुटि सुधार आदि के 500 से अधिक राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण किया गया। ऐसे प्रकरण, जो विभिन्न कारणों से लंबे समय से लंबित थे, उन्हें भी विशेष प्राथमिकता देकर निराकृत किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक पात्र प्रकरण का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
राऊ तहसील के ग्राम कलारिया के राजस्व शिविर में 168 राजस्व प्रकरणों का मौके पर निराकरण, ग्रामीणों को मिली आदेश एवं खसरे की प्रतियां

                     
 इंदौर जिले के राऊ तहसील के ग्राम कलारिया में राजस्व शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में विधायक श्री मधु वर्मा, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, एसडीएम श्री लोकेन्द्र सिंह सरल, तहसीलदार श्री सत्येंद्र सिंह गुर्जर, तहसील राऊ के राजस्व निरीक्षक, पटवारी, चौकीदार, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा आसपास के 10 गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
 शिविर में ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न राजस्व संबंधी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनमें से अनेक का मौके पर ही निराकरण किया गया। तहसील राऊ के रिंजलाय सर्कल के लगभग 168 नामांतरण, बटांकन एवं सीमांकन प्रकरणों का निराकरण करते हुए हितग्राहियों को आदेशों की प्रतियां तथा खसरे की नकलें भी मौके पर उपलब्ध कराई गईं।
 शिविर के दौरान ग्राम कलारिया के ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी आबादी को पीडब्ल्यूडी की भूमि से आबादी भूमि के रूप में परिवर्तित किए जाने पर विधायक श्री मधु वर्मा एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही ग्रामीणों ने ग्राम की सेवाभूमि के उस हिस्से, जिस पर पिछले 60 से 70 वर्षों से आबादी बसी हुई है, को सेवाभूमि से आबादी भूमि में परिवर्तित किए जाने संबंधी मांगपत्र भी सौंपा। इस पर राजस्व अधिकारियों ने त्वरित अग्रिम कार्रवाई प्रारंभ करने की बात कही। शिविर के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। उपस्थित नागरिकों ने जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्राम बिसनखेड़ा में आयोजित राजस्व शिविर में बड़ी संख्या में प्रकरणों का मौके पर हुआ निराकरण

 इंदौर जिले की तहसील कनाडिया के ग्राम बिसनखेड़ा में भी राजस्व शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अपर कलेक्टर श्री रिंकेश वैश्य ने किया। शिविर के दौरान 110 नामांतरण, 2 बंटवारा, 13 अभिलेख दुरुस्ती, 10 सीमांकन, 2 रास्ता विवाद एवं अतिक्रमण संबंधी प्रकरणों, जनसुनवाई एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के 10 प्रकरणों, ग्राम खाती पिपल्या के कोटवार नियुक्ति प्रकरण, ग्राम बिसनखेड़ा स्थित शासकीय श्री हनुमान मंदिर के पुजारी नियुक्ति प्रकरण तथा 8 जाति प्रमाण-पत्र संबंधी प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त नामांतरण एवं अभिलेख दुरुस्ती के नवीन आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। 
 शिविर में किसानों एवं ग्रामीणों को खाता, खसरा एवं नक्शे की प्रतियां मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें त्वरित राजस्व सेवाओं का लाभ मिला। राजस्व सेवाओं के साथ-साथ शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। 

 शिविर में International Cancer Institute (ICI), CHL Hospital, Indore के चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों एवं आमजन का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। इस अवसर पर स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को शैक्षणिक किट वितरित की गई। बच्चों को अध्ययन सामग्री प्रदान कर नियमित शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल की अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों ने सराहना की।
 कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।  जनपद अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह सिसोदिया तथा सरपंच श्रीमती निर्मला मेहबानसिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री दीपक चौहान, तहसीलदार श्री नारायण नांदेड़ एवं नायब तहसीलदार सुश्री पूजा नागवंशी द्वारा प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई हेतु दर्ज किया गया। कार्यक्रम का समापन नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के संकल्प के साथ हुआ। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भविष्य मंा भी ऐसे राजस्व शिविरों में अधिकाधिक सहभागिता कर शासन की सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
अभिनव पहल से बेटमा के विशेष राजस्व शिविर में ग्रामीणों को मिला त्वरित न्याय

एक ही छत के नीचे 45 ग्रामों के लिए चला विशेष अभियान
 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन और उनकी जनकल्याणकारी सोच को धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने तथा आम नागरिकों को उनकी राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में इंदौर जिले में विशेष राजस्व शिविरों का अभिनव आयोजन किया जा रहा है। इस नवाचार का मूल उद्दे श्य सीधे आमजन के बीच जाकर ग्रामीण नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित ‍निराकरण सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में तहसील देपालपुर के अंतर्गत टप्पा कार्यालय बेटमा में एक विशाल विशेष राजस्व शिविर का आयोजन किया गया। 
 इस शिविर में अनुभाग देपालपुर के एस.डी.एम. श्री चरणजीत सिंह हुड्डा, तहसीलदार देपालपुर श्रीमती संगिता गोलिया, तहसीलदार टप्पा बेटमा श्री महेन्द्र गौड़, नायब तहसीलदार श्री नागेन्द्र त्रिपाठी तथा जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री गुमानसिंह जी पंवार उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों की इस गरिमामयी मौजूदगी में लगभग 200 से अधिक आम नागरिकों और कृषकों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन के सामने रखा।
 इस विशेष राजस्व शिविर की सबसे बड़ी विशिष्टता इसका परिणाम-मूलक (रिजल्ट ओरिएंटेड) होना रही। देपालपुर तहसील के राजस्व निरीक्षक मण्डल रंगवासा के टप्पा बेटमा के अंतर्गत शामिल 45 ग्रामों के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था। शिविर के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदन का सूक्ष्मता से परीक्षण करते हुए बेहद संवेदनशीलता के साथ दोनों पक्षों को सुना और रिकॉर्ड संख्या में मामलों का मौके पर ही वैधानिक निराकरण किया। भूमि नामांतरण- जमीन के मालिकाना हक और उत्तराधिकार से जुड़े 160 प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निपटारा किया गया। आपसी बंटवारा- पारिवारिक भूमि विभाजन के 6 मामलों का निराकरण किया गया। भूमि बटांकन- जमीनों के नक्शे और खसरा नंबरों के विभाजन से संबंधित 18 प्रकरणों का मौके पर निराकरण हुआ। शासन के प्राथमिकता वाले विभागों से प्राप्त 8 लंबित शिकायतों का निराकरण भी किया गया। लोक सेवा केन्द्र अंतर्गत प्राप्त आवेदन के कुल 22 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

 खेतों से जुड़े रास्ते के विवाद, सीमांकन अथवा जलभराव जैसी समस्याओं के संबंध में अधिकारियों ने स्वयं मौके पर पहुँचकर भौतिक निरीक्षण किया। उदाहरण के तौर पर, ग्राम बोरिया के कृषक श्री सज्जनसिंह के रास्ते का पुराना विवाद था। तहसीलदार एवं पटवारी की टीम ने स्वयं स्थल का निरीक्षण कर व्यावहारिक रास्ता तय किया और उनकी समस्या का स्थायी हल किया। इसी प्रकार ग्राम मेठवाड़ा के अन्य कृषक श्री इकरामु‌द्दीन की लगभग एक बीघा भूमि का विवाद अनावेदक श्री राजेन्द्र के साथ चल रहा था। राजस्व अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाइश दी,जिससे आपसी सहमति से प्रकरण का शांतिपूर्ण निराकरण हो गया। ग्राम सनावदा के कृषकों के खेतों में पानी भरने की समस्या के संबंध में राजस्व टीम ने मौके पर जाकर जलजमाव की समस्या का तकनीकी समाधान निकाला। 
 इस शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) देपालपुर एवं जन प्रतिनिधियों द्वारा अंतिम आदेश की प्रति एवं अद्यतन खसरा और खतौनी की कापियां भी मौके पर ही आवेदकों को दी गई।

▸इंदौर जिला प्रशासन का बड़ा नवाचारः सीधे चौपालों और ग्रामीण केंद्रों तक पहुँच रहा है प्रशासनिक अमला
इंदौर में तीन जगहों पर आयोजित किये गए राजस्व शिविर, सैकड़ों नागरिकों को मिला राजस्व संबंधित समस्याओं का तत्काल समाधान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुशासन संकल्प को इंदौर में मिल रहा मूर्तरूप
निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, वृक्षारोपण, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का सम्मान तथा शैक्षणिक किट वितरण जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियाँ भी हुईं |

इंदौर से ENCOUNTER NEWS M.P



Post a Comment

0 Comments