नशे के खिलाफ इंदौर ने रचा इतिहास, 8,534 लोगों की
मानव श्रृंखला से वर्ल्ड रिकॉर्ड का दावा
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत रविवार को शहर ने नशामुक्त समाज का सशक्त संदेश देते हुए 8,534 लोगों की विशाल मानव श्रृंखला बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा प्रस्तुत किया। इसके साथ ही इंदौर पुलिस ने अपना ही पूर्व रिकॉर्ड (7,100 प्रतिभागियों) भी पीछे छोड़ दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं, खिलाड़ियों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने एकजुट होकर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया।
पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
इस आयोजन की एक और विशेष उपलब्धि यह रही कि पुलिस आयुक्त द्वारा एक साथ 8,534 से अधिक लोगों को नशे के विरुद्ध प्रेरक व्याख्यान देने के आधार पर भी एक अन्य विश्व रिकॉर्ड के लिए दावा प्रस्तुत किया गया है। इस प्रकार एक ही आयोजन में दो विश्व रिकॉर्ड दर्ज कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री आर.के. सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री मयंक अवस्थी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी, प्रशिक्षु चिकित्सक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments