रविंद्र नाट्य गृह में हुआ विशेष जल सभा का आयोजन,
वर्षा जल संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर की चर्चा
इंदौर में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आज रविंद्र नाट्य गृह में विशेष जल सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित रहवासी संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
सभा में वर्षा जल संग्रहण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और भू-जल स्तर बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की गई। साथ ही नागरिकों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करते हुए सफल मॉडलों और अनुभवों को भी साझा किया गया। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि प्रदेशभर में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इंदौर में जल संरक्षण सभा का आयोजन किया गया। सभा का उद्देश्य वर्षा जल को सहेजना, भूजल स्तर बढ़ाना और लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान वाटर हार्वेस्टिंग के सफल मॉडल प्रस्तुत किए गए तथा उन कॉलोनियों के अनुभव साझा किए गए, जहां जल संरक्षण के बेहतर कार्य हुए हैं। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वार्ड रैंकिंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके। वहीं महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से इंदौर के जल स्रोतों और भूजल स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार अध्ययन और प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष कम बारिश और गर्मी के कारण जल संकट की चुनौती सामने आई, जिसे शहरवासियों, रहवासी संघों और सामाजिक संस्थाओं ने मिलकर स्वीकार किया।
इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments