फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर सख्ती,
3 दिन बाद होगी सीलिंग कार्रवाई
इंदौर नगर निगम ने शहर के होटलों और व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देश पर निरीक्षण के दौरान कई होटलों और भवनों में फायर सेफ्टी उपकरण बंद या अनुपलब्ध पाए गए, वहीं कुछ स्थानों पर बेसमेंट का उपयोग स्वीकृत मानकों के विपरीत मिला।
निगम ने संबंधित संचालकों को तीन दिन का नोटिस जारी कर सभी कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि के बाद पुनः निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का पालन नहीं मिलने पर भवनों को सील किया जाएगा।
अब तक शहर के विभिन्न जोन में 467 भवनों का सर्वे किया गया है। इनमें 305 भवनों में अग्नि सुरक्षा उपकरण मिले, जबकि 157 भवनों में उपकरण बंद या अनुपस्थित पाए गए। 101 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं और 32 भवनों को सील करने की कार्रवाई भी की गई है।
निगम प्रशासन ने सभी संस्थानों से नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर सेफ्टी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की है।
ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments