"रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा,
संयुक्त टीम ने 3 ओवरलोड डंपर किए जप्त"
इंदौर में अवैध रेत परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर बिचौली क्षेत्र में राजस्व, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने देवगुराड़िया रोड स्थित रेत मंडी का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम अजय शुक्ला, तहसीलदार अनिल पटेल और जिला खनिज अधिकारी जयदीप नामदेव सहित पूरी टीम मौके पर मौजूद रही। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे खड़े कई डंपरों की जांच की गई।
जांच में कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक रेत लेकर चलते पाए गए। अधिकारियों ने पाया कि ओवरलोड डंपर न केवल नियमों का उल्लंघन कर रहे थे बल्कि यातायात व्यवस्था को भी प्रभावित कर रहे थे। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 3 डंपरों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए सभी डंपरों को खुडैल थाने में खड़ा कराया गया है।
वहीं प्रशासन ने बताया कि जांच के दायरे में आए अन्य 7 वाहनों पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और परिवहन नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments