कलेक्टर की संवेदनशील पहल से मिली राहत: सीमांकन प्रकरण के समाधान की ओर बढ़े निलेश पांचाल,Relief Through Collector's Sensitive Initiative: Nilesh Panchal Moves Closer to Resolution of Land Demarcation Case

कलेक्टर की संवेदनशील पहल से मिली राहत:
 सीमांकन प्रकरण के समाधान की ओर बढ़े निलेश पांचाल

 इंदौर जिले के ग्राम अंबाचंदन निवासी श्री निलेश पांचाल की भूमि सीमांकन संबंधी समस्या के समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कदम बढ़ाया है। जनसुनवाई में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के समक्ष अपनी समस्या रखने पहुंचे श्री पांचाल को प्रशासन द्वारा विधिवत मार्गदर्शन और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
श्री निलेश पांचाल ने बताया कि उन्होंने मार्च माह में भूमि सीमांकन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन नक्शे में तकनीकी त्रुटि होने के कारण प्रकरण आगे नहीं बढ़ सका। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने संबंधित एसडीएम और तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसडीएम सिमरोल ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित खसरा क्रमांक 754 में कुल 7 बटांकन दर्ज हैं, जबकि वर्तमान नक्शे में केवल 6 बटांकन प्रदर्शित हो रहे हैं। श्री पांचाल की भूमि खसरा क्रमांक 754/4 में दर्ज है, लेकिन नक्शे में उसका उल्लेख नहीं है। इसी रिकॉर्ड त्रुटि के कारण सीमांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। प्रशासन द्वारा पूर्व में भी आवेदक को रिकॉर्ड सुधार (इंद्राज दुरुस्ती) का प्रकरण लगाने के लिए अवगत कराया गया था। अब जनसुनवाई के दौरान उन्हें पूरे मामले की स्पष्ट और विधिवत जानकारी दी गई है। रिकॉर्ड सुधार की प्रक्रिया पूर्ण होते ही सीमांकन की कार्रवाई भी शीघ्र कर दी जाएगी।
 श्री निलेश पांचाल ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पहले नक्शे की तकनीकी त्रुटि की जानकारी नहीं थी। आज प्रशासन द्वारा उन्हें पूरी प्रक्रिया समझाई गई और हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया। उन्होंने कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, एसडीएम एवं तहसील प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके प्रकरण को लेकर कुछ माध्यमों में गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि जिला प्रशासन लगातार उनके मामले के समाधान के लिए सक्रियता से कार्य कर रहा है। श्री पांचाल ने कहा कि वे प्रशासन की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं।

इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP


Post a Comment

0 Comments