अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए कलेक्टर ने सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश,Necessary Instructions Have Been Issued To All Departments To Deal With The Situation Arising From Excessive Rainfall And Floods.

अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए 
सभी विभागों को दिए आवश्यक निर्देश

मानसून पूर्व तैयारियों की कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने की समीक्षा :
इंदौर, 18 मई 2026
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में अतिवृष्टि एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए मानसून पूर्व तैयारियों के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाडे़, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टरर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रोशन राय, श्री रिंकेश वैश्य भी शामिल रहे। 
 बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी विभाग तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर श्री वर्मा ने नगर निगम को निर्देशित किया कि सभी नालों, चैनलों, तालाबों के आसपास तथा जलभराव वाले स्थलों की साफ-सफाई समय रहते पूरी कर ली जाए। साथ ही स्टॉर्म वॉटर लाइन एवं ड्रेनेज सिस्टम की सफाई भी प्राथमिकता से की जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।

कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया विहीन सड़कों एवं जलभराव संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं तथा वहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। बैठक में एसडीआरएफ एवं होमगार्ड दलों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूर्ण संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही वालंटियर्स की ट्रेनिंग, मॉक ड्रिल एवं रेस्क्यू अभ्यास नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष चिन्हित किए गए जलभराव वाले स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार नए संवेदनशील स्थलों को भी चिन्हित किया जाए। उन्होंने बताया कि पूर्व में गठित विशेष टीमें भी इस वर्ष सक्रिय रहेंगी।

बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि वर्षा पूर्व सभी आवश्यक पैचवर्क, डामरीकरण एवं सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि बारिश के दौरान गड्ढों एवं जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं फॉलोअप भी किया जाएगा।
बैठक में राहत स्थलों की समीक्षा भी की गई। निर्देश दिए गए कि आवश्यकता पड़ने पर राहत शिविर तत्काल प्रारंभ किए जा सकें, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। इसके अलावा पिकनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, पुल-पुलियों पर संकेतक लगाने, बाढ़ की स्थिति में सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने, खदान एवं ईंट भट्ठों में बैरिकेडिंग कराने तथा मानसून के दौरान विद्युत आपूर्ति सतत बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पशुपालन विभाग को शिविर लगाकर पशुओं के टीकाकरण अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP 

Post a Comment

0 Comments