इंदौर में जल संकट पर प्रशासन सख्त : कलेक्टर ने किया MR-9 पानी टंकी का औचक निरीक्षण
भीषण गर्मी के बीच इंदौर में गहराते जल संकट ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लगातार मिल रही शिकायतों और शहरभर में बढ़ते विरोध के बीच अब जिला प्रशासन और नगर निगम पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर शिवम वर्मा और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने सुबह-सुबह पानी की टंकी का औचक निरीक्षण किया।
इंदौर शहर में लगातार बढ़ रही पानी की समस्या को लेकर आज सुबह से ही प्रशासनिक अमला मैदान में नजर आया। कलेक्टर शिवम वर्मा और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने वार्ड-40 स्थित एमआर-9 पानी की टंकी का औचक निरीक्षण किया और जल आपूर्ति व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टंकी की स्थिति, पानी की सप्लाई, प्रेशर और वितरण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली। पिछले कुछ दिनों से शहर के कई इलाकों में पानी की कमी और कम प्रेशर की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिसके चलते प्रशासन ने अब सख्त मॉनिटरिंग शुरू कर दी है।
एमआर-9 टंकी के निरीक्षण के बाद कलेक्टर और निगमायुक्त मुसाखेड़ी पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल वितरण व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और अलग-अलग क्षेत्रों से मिल रही शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी सप्लाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अवैध पानी कनेक्शन और पाइपलाइन लीकेज पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि कई क्षेत्रों में अवैध कनेक्शन और लीकेज के कारण पानी का प्रेशर प्रभावित हो रहा है, जिससे अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। प्रशासन अब ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखेगा। नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम सुबह से ही शहर की अलग-अलग प्रमुख पानी टंकियों और जल वितरण केंद्रों का निरीक्षण कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में पानी सप्लाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से इंदौर के कई वार्डों में जल संकट को लेकर लोग सड़कों पर उतर चुके हैं। कहीं विधायक के घर पहुंचकर विरोध हुआ तो कहीं टैंकरों के लिए हंगामा देखने को मिला। ऐसे में अब प्रशासन जमीनी स्तर पर स्थिति संभालने में जुटा हुआ है। फिलहाल प्रशासन का दावा है कि पानी सप्लाई को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ती गर्मी और तेजी से गिरते भूजल स्तर के कारण चुनौतियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
फिलहाल प्रशासन का दावा है कि पानी सप्लाई को सुचारूबनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं
इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments