इलेक्ट्रिक कार बनी मौत का कारण
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, 8 जिंदगियां खत्म
इंदौर शहर के बंगाली चौराहे के पास स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्स में बुधवार तड़के करीब 4 बजे एक भयावह हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थिति उस समय और भयावह हो गई, जब घर के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। जोरदार ब्लास्ट से पूरा इलाका गूंज उठा। इसके बाद एसी और फ्रिज के कंप्रेसर में भी धमाके हुए, जिससे आग और तेजी से फैल गई। इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 12 साल की मासूम राशि और 6 साल का तन्मय भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घर में हाल ही में शादी हुई थी और कुछ रिश्तेदार भी वहीं रुके हुए थे, जिससे जनहानि का आंकड़ा बढ़ गया। इस पूरे हादसे में मनोज एंग्लिया के तीनों बेटे और उनकी पत्नी किसी तरह घर के बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन बाकी सदस्य इस आग के जाल में फंस गए। हादसे के दौरान एक और बड़ी वजह सामने आई, घर में लगे इलेक्ट्रिक लॉक। आग लगते ही लॉक सिस्टम फेल हो गया और सभी दरवाजे अपने आप बंद हो गए। यही वजह रही कि कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। मौके पर कलेक्टर शिवम वर्मा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मंत्री तुलसी सिलावट और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदौर में उद्योगपति प्रवेश अग्रवाल की मौत एक पेंटहाउस में इसी तरह इलेक्ट्रिक लॉक और दम घुटने की वजह से हो चुकी है। बावजूद इसके, इस तरह के सिस्टम पर कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए गए। इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आधुनिक सुविधाएं अब जानलेवा बनती जा रही हैं।
इंदौर से ENCOUNTER NEWS M.P


0 Comments