इंदौर में 2600 कॉलोनियों और 158 नई लोकेशन जोड़कर बनेगी नई गाइडलाइन.. Indore Property Guidelines to be Increased in 2026

इंदौर में 2600 कॉलोनियों की गाइडलाइन दरों में वृद्धि का 
प्रस्ताव,
 158 नई लोकेशन भी जोड़ी जाएंगी

इंदौर, 14 मार्च 2026
 
जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आज कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता तथा विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, वरिष्ठ जिला पंजीयक श्री अमरेश नायडू सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में इंदौर जिले में स्थित लगभग 2600 कॉलोनियों और लोकेशनों की गाइडलाइन दरों में वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया।
 बैठक में समिति के सदस्यों और अध्यक्ष द्वारा दिए गए निर्देशों के आधार पर कुछ क्षेत्रों में प्रस्तावित वृद्धि में संशोधन करते हुए कुछ और स्थानों पर दरों में बढ़ोतरी किए जाने पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही वर्ष 2026 के लिए 158 नई लोकेशन और कॉलोनियों को गाइडलाइन में शामिल करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
 

कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि प्रस्तावित गाइडलाइन दरों को आमजन से सुझाव प्राप्त करने के लिए सात दिनों तक सार्वजनिक किया जाएगा। इस अवधि में प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार करते हुए पुनः जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके बाद अंतिम प्रस्ताव को केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।

 बैठक में चर्चा के दौरान बताया गया कि वर्तमान में अधिकतम 185 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुसार कुछ स्थानों पर इसे और संशोधित किया जाएगा।
 संपदा पोर्टल से प्राप्त पंजीयन आंकड़ों के अनुसार कई क्षेत्रों में संपत्तियों का पंजीयन गाइडलाइन दर से काफी अधिक मूल्य पर हुआ है। उदाहरण के तौर पर जहां गाइडलाइन दर 10 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर थी, वहां 50 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर तक पंजीयन दर्ज हुए, जो लगभग 500 प्रतिशत तक अधिक हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर संबंधित लोकेशनों में दरों में वृद्धि प्रस्तावित की गई है।


 प्रस्तावित दरों को सोमवार से आमजन के सुझावों के लिए सार्वजनिक किया जाएगा। प्राप्त सुझावों के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।जिला मूल्यांकन समिति में अनुमोदित दरों को आमजन के सुझाव हेतु 16 मार्च 2026 से 21 मार्च 2026  तक जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक 1,2,3,4 में रखा जाएगा साथ ही आमजन चाहे तो गाइडलाइन पर सुझाव ह्वाट्सऐप नंबर 9893320632 एवं 9770426465 पर भी दे सकते है । इसके अतिरिक्त विभाग की ईमेल आईडी sdrindore2021@gmail.com पर भी भेज सकते है ।

                            
आंकड़ों के आधार पर संबंधित लोकेशनों में दरों में वृद्धि प्रस्तावित की गई है।


ENCOUNTER NEWS MP  

Post a Comment

0 Comments