इंदौर जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने तथा पशुओं के
स्वास्थ्य संरक्षण के लिए क्षीर धारा ग्राम योजना हुई प्रारंभ
16-02-26 योजना के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने ली बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप इंदौर जिले में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए क्षीर धारा ग्राम योजना प्रारंभ की गई है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस संबंध में आज कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने निर्देश दिए कि योजना का क्रियान्वयन समयबद्ध कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि जिले में डेयरी लाइवस्टॉक मिशन के अंतर्गत पशुधन का पंजीयन किया जा रहा है। क्षीर धारा ग्राम अभियान के माध्यम से दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहे, उन्हें गुणवत्तापूर्ण चारा उपलब्ध हो तथा वैज्ञानिक तरीके से उत्पादन बढ़ाने के उपाय अपनाए जाएं। पशुओं के टीकाकरण और नस्ल सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। कलेक्टर श्री वर्मा ने यह भी निर्देश दिए कि प्राकृतिक खेती से जुड़े कृषकों को पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं से अधिकतम रूप से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें अतिरिक्त आय के अवसर मिलें और पशुपालन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले में पशुपालन आधारित आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। बैठक में योजना के क्रियान्वयन की रणनीति, लक्ष्यों की प्राप्ति तथा विभागीय जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने
अधिकारियो को आवश्यक निर्देश दिए |
इंदौर से ENCOUNTER NEWS M.P
0 Comments