इंदौर जिले के 58 कम्पोजिट मदिरा दुकानें का
ई-टेण्डर के माध्यम से किया जायेगा निष्पादन
ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन हेतु ऑनलाइन टेण्डर प्रपत्र डाउनलोड एवं ऑफर सबमिट करने की तिथि 27 फरवरी से 02 मार्च तक रहेगी
इंदौर, 26 फरवरी 2026
वित्तीय वर्ष 2026-27 की सम्पूर्ण अवधि अर्थात (दिनांक 01 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि) के लिए इंदौर जिले के कुल 56 मदिरा एकल समूहों में सम्मिलित 173 कम्पोजिट मदिरा दुकानों में से 19 मदिरा समूहों (58 कम्पोजिट मदिरा दुकानें) का बैच-1 प्रथम चरण में ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) के माध्यम से निष्पादन किया जायेगा। मदिरा दुकानों / एकल समूहों के निष्पादन की कार्यवाही जिला निष्पादन समिति द्वारा कलेक्टोरेट इंदौर के सभाकक्ष में की जायेगी।
सहायक आबकारी आयुक्त श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार -
प्रथम चरण बैच 1 में ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) हेतु ऑनलाइन टेण्डर प्रपत्र डाउन लोड एवं ऑफर सबमिट करने की तिथि 27 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से 02 मार्च 2026 को दोपहर 02 बजे तक रहेगी।
ई-टेण्डर कम ऑक्शन प्रपत्र खोलने की तिथि 02 मार्च 2026 को दोपहर 02.05 बजे से रहेगी।
ई-टेण्डर कम ऑक्शन अंतर्गत ऑक्शन प्रारंभ एवं बंद होने की तिथि 02 मार्च 2026 को दोपहर 03.30 बजे से सायंकाल 05.30 बजे तक (तत्पश्चात 15 मिनिट के अंतराल में बोली दिये जाने पर आगामी 15 मिनिट के लिए समयावधि में वृद्धि) होगी।
ई-टेण्डर खोलने की तिथि- संबंधित समूह का ऑक्शन समाप्त होने अथवा 02 मार्च 2026 को सायंकाल 06 बजे (जो भी बाद में हो) रहेगा। जिला समिति द्वारा ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) के माध्यम से निराकरण किये जाने की तिथि एवं समय-ई-टेण्डर खोलने की प्रक्रिया पूर्ण होने तक रहेगी।
ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) के माध्यम से बैच-1 के प्रथम चरण में निष्पादित किये जाने वाले 19 मदिरा
एकल समूहों में स्कीम नं-54, एमआईजी, गांधीनगर, मूसाखेड़ी, बाणगंगा, सरवटे बस स्टेण्ड, ट्रांसपोर्ट नगर, स्कीम नं. 51, बीजलपुर, गवली पलासिया, अग्रसेन चौराहा, खुड़ैल, साजन नगर, आगरा, गौतमपुरा, इमली बाजार, मानपुर, चोरल और सगड़ौद शामिल हैं।
समूहों के लिए ई-टेण्डर तथा ई-टेण्डर कम ऑक्शन दोनों प्रक्रियाओं के माध्यम से ऑफर प्राप्त करने हेतु 02 पृथक-पृथक टेण्डर्स लाइव किये जाएंगे। टेण्डरदाता, किसी समूह के लिए एक प्रक्रिया अथवा दोनों प्रक्रियाओं में भाग ले सकेगा किन्तु दोनों प्रक्रियाओं में भाग लेने हेतु उनके द्वारा पृथक-पृथक टेण्डर फीस एवं EMD की राशि का भुगतान किया जाना आवश्यक होगा।
समूह के लिए प्रथमतः ई-टेण्डर कम ऑक्शन की प्रक्रिया को पूर्णतः सम्पादित कर, ऑक्शन में उच्चतम ऑफर प्राप्त हो जाने के उपरांत ही संबंधित समूह के ई-टेण्डर की तकनीकी एवं फायनेंशियल बिड को क्रमशः खोला जाएगा। उक्त दोनों प्रक्रियाओं में प्राप्त उच्चतम ऑफर्स में से अधिक राशि के ऑफर पर निष्पादन का निर्णय लिया जाएगा।
ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) की प्रक्रिया में भाग लेने हेतु इच्छुक व्यक्ति टेण्डरदाता (बिडर) को NIC के mptenders पोर्टल https://mptenders.gov.in के होम पेज पर "Online Bidder Enrollment" में जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण करना होगी। इस हेतु बिजर का क्लास-3 डिजिटल सिग्नेचर होना आवश्यक है। रजिस्ट्रेशन उपरांत इच्छुक बिडर अपनी लॉगिन आई.डी., पासवर्ड एवं डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर सकता है।
एक व्यक्ति/फर्म/एलएलपी कम्पनी/कन्सोर्टियम एक या एक से अधिक अथवा सभी मदिरा दुकानों एकल समूहों के लिए अलग-अलग ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) की प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। उक्त प्रक्रिया में भाग लेने हेतु समस्त प्रकार के आवेदकों (व्यक्ति फर्म/लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप / कंपनी/कन्सोर्टियम आदि) को ई-आबकारी पोर्टल (https://eaabkari.mp.gov.in/) पर कॉन्ट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन मॉडयूल के अंतर्गत वर्ष 2026-27 हेतु पंजीयन कराना अनिवार्य है। वर्तमान अनुज्ञप्तिधारी अथवा पूर्व वर्ष में कॉन्ट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन मॉडयूल पर पंजीकरण कर चुके आवेदकों को पुनः वर्ष 2026-27 हेतु पंजीकरण करना अनिवार्य है।
टेण्डरदाता को किसी भी मदिरा दुकान एकल समूह के टेक्नीकल पात्रता हेतु ई-आबकारी पोर्टल के कॉन्ट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन मॉडयूल में पंजीकरण एवं स्वीकृति उपरांत प्राप्त Approval slip को टेक्नीकल बिड में आवश्यक रुप से अपलोड करनी होगी। टेक्नीकल बिड में पात्रता हेतु अन्य किसी अभिलेख की आवश्यकता नहीं होगी।
किसी समूह पर निविदा प्रस्तुत करने के लिए बिडर को, पोर्टल प्रोसेसिंग फीस, उस संबंधित समूह के टेण्डर फार्म की कीमत, एवं उक्त समूह की निर्धारित अर्नेस्टमनी की राशि ऑनलाइन NEFT/ RTGS अथवा Net Banking के माध्यम से जमा कराते हुए अपनी टेक्निकल एवं फाइनेंशियल बिड सबमिट करनी होगी। तदपरांत ही बिडर अपनी बिड फ्रीज कर सकता है।
इच्छुक व्यक्ति ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) के माध्यम से निष्पादित की जाने वाली मदिरा दुकानों। एकल समूहों के संबंध में आवश्यक जानकारी तथा प्रभावशील शर्ते एवं नियम संबंधी जानकारी ई-टेण्डर सुविधा प्रदाता NIC के पोर्टल https://mptenders.gov.in के साथ-साथ कार्यालय सहायक आयुक्त आबकारी, जिला इंदौर से भी कार्यालयीन समय में (अवकाश के दिनों सहित) से प्राप्त कर सकेगा।
मदिरा दुकानों के निष्पादन हेतु ई-टेण्डर (ई-टेण्डर एवं ई-टेण्डर कम ऑक्शन) की कार्यवाही में जो व्यक्ति/फर्म/कम्पनी/कन्सॉर्टियम भाग लेना चाहे, वे इस संबंध में उल्लेखित वर्णित प्रक्रिया, शतों एवं प्रतिबंधों के अंतर्गत ई-टेण्डर द्वारा NIC के पोर्टल https://mptenders.gov.in पर ऑफर दे सकते है।

0 Comments