"शुद्ध होली-सुरक्षित इंदौर अभियान"
नकली होने की आशंका में 209 किलोग्राम पनीर जब्त
खाद्य विभाग की सघन कार्यवाही - 05 अलग-अलग जगह से खाद्य पदार्थों के लिए गए कुल 22 नमूने
इंदौर, 19 फरवरी 2026
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार होली त्यौहार को दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच हेतु खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के तीन दल गठित किए गए हैं, जिनके द्वारा सतत रूप से प्रभावी कार्रवाईयां की जा रही हैं।
इसी कड़ी में "नव शक्ति डेरी एंड स्वीट्स" तेजाजी नगर, खंडवा रोड, इंदौर स्थित का औचक निरीक्षण दल द्वारा किया गया। मौके पर श्री विशाल गौड प्रोपराइटर प्रतिष्ठान का संचालन करते हुए मिले। प्रतिष्ठान में पनीर, मावा, घी, मिठाइयाँ आदि का निर्माण एवं विक्रय किया जाना पाया गया। विभाग को सूचना प्राप्त हुई थी कि संबंधित द्वारा मिलावटी पनीर का निर्माण कर विक्रय किया जा रहा है। मौके से पनीर, घी, मावा, मिल्क केक, पेड़ा, बेसन लड्डू और दूध के कुल 07 नमूने जांच हेतु लिए गए तथा मिलावट की आशंका में 209 किलोग्राम पनीर जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपए हैं, को जप्त किया गया ।
एक अन्य कार्रवाई में क्वालिटी स्वीट्स, रानीबाग खंडवा रोड से मिल्क केक, पेड़ा, मलाई बर्फी, रतलामी सेव, खट्टा मीठा मिक्सचर एवं लौंग सेव के कुल 06 नमूने लिए गए। साथ ही रानीबाग खंडवा रोड स्थित अमृत डेरी से दूध एवं घी के कुल 02 नमूने लिए गए।
एक अन्य दल द्वारा पोरवाल मसाला, गली नंबर 10 नंदा नगर, पाटनीपुरा मेन रोड का औचक निरिक्षण किया गया। मौके पर खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। मौके से खाद्य सामग्री तुअर दाल, मसूर दाल, चना दाल, उड़द दाल एवं मूंग दाल के कुल 05 नमूने लिये गए।
तीसरे दल द्वारा मिठास 365 रेस्टोरेंट, सुदामा नगर इंदौर का औचक निरीक्षण कर मिल्क केक एवं पनीर के कुल 02 नमूने लिए गए। लिए गए नमूनों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जांच हेतु प्रयोगशाला की ओर भेजा जा रहा है, जिनकी विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी।
देखिये पूरी खबर
ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments