150 आपदा मित्र तैयार -प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और इमरजेंसी रिस्पॉन्स किट वितरित 150 'Aapda Mitra' (Disaster Volunteers) Trained – Certificates and Emergency Response Kits Distributed to Participants

आपदा के समय प्रशासन और आमजन के बीच 
महत्वपूर्ण कड़ी बनेंगे 150 आपदा मित्र
-----
सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का गरिमामय समापन, प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और इमरजेंसी रिस्पॉन्स किट वितरि

इंदौर, 11 अगस्त 2026
 राज्य शासन के निर्देशानुसार आपदा मित्र योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिला प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यशाला का आज क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान, रालामंडल में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में 150 आपदा मित्रों को आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।



समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम श्री रोशन राय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशिक्षण प्रभारी एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड इंदौर डॉ. मधु राजेश तिवारी ने की। इस अवसर पर SDRF  डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट इंदौर श्री सुमत जैन सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवक मौजूद रहे।
 
आपदा की स्थिति में बनेंगे प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता

 प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर आपदाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही युवा स्वयंसेवकों को प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता (First Responder) के रूप में तैयार करना था, ताकि आपदा की स्थिति में वे प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोगी के रूप में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
 सात दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की मूल अवधारणा एवं तैयारी, प्राथमिक उपचार, सीपीआर एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट, खोज एवं बचाव तकनीक, अग्नि सुरक्षा एवं अग्निशमन विधियां सहित बाढ़, भूकंप, अग्निकांड एवं अन्य आपदाओं से निपटने की रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही निकासी प्रक्रिया, सामुदायिक समन्वय, आपात स्थिति में संचार व्यवस्था बनाए रखने तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया

आपदा मित्र प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी

 समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एडीएम श्री रोशन राय ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित आपदा मित्र प्रशासन और आमजन के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर सकते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें और आपदा की घड़ी में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जरूरतमंदों की सहायता करें।
 समापन अवसर पर सफल प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र एवं आपदा मित्र इमरजेंसी रिस्पॉन्स किट वितरित किए गए। किट में लाइफ जैकेट, सेफ्टी हेलमेट, फर्स्ट एड किट, टॉर्च, दस्ताने, रेनकोट आदि आवश्यक सामग्री शामिल है।

जिले में आपदा मित्र योजना को मिलेगी मजबूती

 यह प्रशिक्षण कार्यशाला जिले में आपदा मित्र योजना को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रशिक्षण प्राप्त स्वयंसेवक अब अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा तैयारियों, जन-जागरूकता अभियानों तथा आपात परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय योगदान देंगे। इससे स्थानीय स्तर पर आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और प्रशासन के साथ सामुदायिक समन्वय को और मजबूती मिलेगी।
 कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों तथा प्रशिक्षण में सहयोग करने वाले संबंधित विभागों एवं प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
----

Post a Comment

0 Comments