पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” प्रारंभ,“Shaurya Sankalp Training Scheme – 2026” Launched for Youth from Backward Classes

पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए “शौर्य संकल्प  प्रशिक्षण

योजना-2026” प्रारंभ 

सैन्य बल, पुलिस एवं सुरक्षा सेवाओं में भर्ती हेतु मिलेगा निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण

इंदौर जिले में 100 बालक एवं 100 बालिकाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण

 योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित

 मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल, पुलिस, होमगार्ड तथा अन्य समकक्ष सुरक्षा सेवाओं में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से “अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं हेतु शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” प्रारंभ की गई है। योजना के अंतर्गत युवाओं को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें सुरक्षा सेवाओं में बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

 सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण इंदौर ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना का उद्देश्य अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन एवं कर्तव्यबोध की भावना विकसित करना है। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ विभिन्न सैद्धांतिक विषयों का भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इंदौर जिले में इस योजना के अंतर्गत 100 बालक एवं 100 बालिकाओं का चयन कर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

 योजना के तहत चयनित पुरुष प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि में एक हजार रुपये प्रतिमाह तथा महिला प्रशिक्षणार्थियों को एक हजार एक सौ रुपये प्रतिमाह की दर से शिष्यवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय होगा, जिसकी अवधि 45 दिवस निर्धारित की गई है।

 योजना में सम्मिलित होने के लिए आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है। साथ ही मध्यप्रदेश शासन द्वारा घोषित अन्य पिछड़ा वर्ग की अनुसूची में सम्मिलित वर्ग का सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी नॉन-क्रीमीलेयर जाति प्रमाण-पत्र अनिवार्य होगा। आवेदक की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। आयु सीमा संबंधित सैन्य बल, पुलिस, होमगार्ड एवं सुरक्षा सेवाओं की भर्ती नियमावली के अनुसार मान्य होगी।

 शारीरिक मापदण्डों के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊँचाई 168 सेंटीमीटर तथा महिला अभ्यर्थियों की न्यूनतम ऊँचाई 155 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। संबंधित भर्ती विज्ञापन में प्रदत्त छूट लागू होगी। अभ्यर्थियों के पैर फ्लैट फुट श्रेणी में नहीं होना चाहिए तथा सावधान की मुद्रा में घुटने आपस में नहीं मिलना चाहिए। इसके अतिरिक्त दृष्टि, जबड़े एवं स्वास्थ्य संबंधी अन्य मापदण्ड भी संतोषजनक होना आवश्यक है।

 प्रशिक्षण के अंतर्गत योग्य एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिदिन चार घंटे सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, गणित, कम्प्यूटर, अंग्रेजी एवं अन्य आवश्यक विषय शामिल रहेंगे। वहीं प्रतिदिन तीन घंटे शारीरिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिसमें रनिंग, ऊँची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक तथा अन्य खेल गतिविधियों का अभ्यास कराया जाएगा।

 योजना अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण, आवास, भोजन एवं अध्ययन सामग्री की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण पिछड़ा वर्ग बालक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास, नूरानी नगर, धार रोड इंदौर में तथा महिला अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 500 सीटर पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास, असरावद खुर्द, खंडवा रोड इंदौर में आयोजित किया जाएगा।

 योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित की गई है तथा प्रशिक्षण 12 मई 2026 से प्रारंभ होगाआवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पोर्टल https://www.bcwelfare.mp.gov.in⁠ से अथवा कार्यालय कलेक्टर पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, कक्ष क्रमांक 303, द्वितीय तल, सेटेलाइट भवन, कलेक्ट्रेट परिसर, मोती तबेला इंदौर से कार्यालयीन समय में प्राप्त किए जा सकते हैं।

इंदौर से ENCOUNTER NEWS M.P

Post a Comment

0 Comments