इंदौर में NEET (UG) 2026 परीक्षा 3 मई को,NEET (UG) 2026 Exam in Indore on May 3

इंदौर में NEET (UG) 2026 परीक्षा 3 मई

परीक्षा की व्यापक तैयारियां शुरू, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न
इंदौर, 13 अप्रैल 2026
इंदौर में NEET (UG) 2026 परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जानकारी दी गई कि 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा के लिए इंदौर जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 23,160 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

 बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह एक संवेदनशील परीक्षा है, इसलिए सुरक्षा, गोपनीयता एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए की परीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से बनी रहे। किसी भी तरह की परेशानी नहीं आए। बैकअप की व्यवस्था भी सभी केन्द्रों पर सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित अधिकारी मौका मुआयना कर व्यवस्थाओं और सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
 बैठक में बताया गया कि परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती रहेगी। साथ ही गोपनीय सामग्री को सुरक्षित तरीके से बैंक लॉकर से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग NTA के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। इसके अलावा, परीक्षा केंद्रों पर चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था तथा दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम द्वारा साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
 बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं हो। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो

निर्देश देते हुए कहा कि यह एक संवेदनशील परीक्षा है, 
इसलिए सुरक्षा, गोपनीयता एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए

इंदौर से ENCOUNETR NEWS M.P

Post a Comment

0 Comments