इंदौर में NEET (UG) 2026 परीक्षा 3 मई को.. प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां NEET ON 3rd MAY 2026.. ADMINISTRATION ON ALERT

                  इंदौर में NEET (UG) 2026 परीक्षा 3 मई को.. प्रशासन ने की व्यापक तैयारियां 

इंदौर में NEET (UG) 2026 परीक्षा 3 मई को .. परीक्षा को लेकर व्यापक तैयारियां, उच्च स्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा 

इंदौर, 27 अप्रैल 2026

 इंदौर में आगामी 3 मई को NEET (UG) 2026 परीक्षा आयोजित की जायेगी। परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर  व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इन्हीं तैयारियों समीक्षा के लिये आज वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक एसीएस श्री अनुपम राजन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इंदौर से इस बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में डीसीपी श्री प्रकाश परिहार, अपर कलेक्टर श्री रोशन राय सहित पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

 बैठक में जानकारी दी गई कि 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा के लिए इंदौर जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 23,160 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
 बैठक में बताया गया कि परीक्षा केन्द्रों पर जनरेटर्स की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचने के लिये एआईसीटीएसएल की बसें उपलब्ध कराई जायेंगी। यह बसें प्रात: 9 बजे से बस स्टेंड एवं रेल्वे स्टेशन पर उपलब्ध रहेंगी। बसों के चार रूट बनाये गये है। बसें सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम एवं महू तक जायेंगी। शाम 5 बजे से परीक्षा के उपरांत बसें वापस आयेंगी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात की सुगमता के लिये भी विशेष व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर मेडिकल स्टॉफ एवं पांच केन्द्रों पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिये व्हीलचेयर आदि की व्यवस्था रहेगी। परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिये टेंट एवं पीने के पानी की व्यवस्था केन्द्र के बाहर रहेगी। परीक्षार्थियों से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी और अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर ड्यूटी मजिस्टेट तैनात किये गये है। उड़नदस्तों द्वारा भी प्रत्‍येक केन्द्र का भ्रमण कर सतत निगरानी रखी जायेगी।   
 बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि केन्द्रों पर आदर्श व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाये। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक संवेदनशील परीक्षा है, इसलिए सुरक्षा, गोपनीयता एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए की परीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से बनी रहे। किसी भी तरह की परेशानी नहीं आए। बैकअप की व्यवस्था भी सभी केन्द्रों पर सुनिश्चित की जाए। सभी संबंधित अधिकारी मौका मुआयना कर व्यवस्थाओं और सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
 बैठक में बताया गया कि परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती रहेगी। साथ ही गोपनीय सामग्री को सुरक्षित तरीके से बैंक लॉकर से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग NTA के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं हो। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो ....



Post a Comment

0 Comments