14 वर्ष की किशोरियों के लिए विशेष HPV टीकाकरण महाअभियान, Special HPV Vaccination Mega-Campaign for 14-Year-Old Girls

14 वर्ष की किशोरियों के लिए विशेष  
HPV टीकाकरण महाअभियान

इंदौर जिले में एचपीवी टीकाकरण महाअभियान का व्यापक आयोजन, अबतक 300 से अधिक सत्रों में 3577 किशोरियों को लगाया गया टीका

संपूर्ण राष्ट्र एवं प्रदेश के साथ इंदौर जिले में भी सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध राष्ट्रीय एच.पी.वी. टीकाकरण महाअभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के नेतृत्व एवं जिला पंचायत सीईओ श्री सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम द्वारा यह अभियान चलाया गया।
गुरुवार को जिले में 300 से अधिक टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 150 ग्रामीण एवं 150 से अधिक शहरी क्षेत्रों में सत्र संचालित हुए। इन सत्रों में 98 शासकीय एवं 139 निजी विद्यालयों सहित स्वास्थ्य संस्थानों को भी शामिल किया गया। महाअभियान के अंतर्गत कुल 3577 किशोरियों का टीकाकरण किया गया।
1000 से अधिक कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता

अभियान में 300 से अधिक टीकाकर्मियों ने टीकाकरण कार्य संपादित किया। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी, चिकित्सक, शिक्षा एवं महिला-बाल विकास विभाग के अधिकारी, आशा कार्यकर्ता एवं फील्ड सुपरवाइजर्स द्वारा सत्रों का सतत निरीक्षण किया गया।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं जनपद सीईओ द्वारा भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। कुल मिलाकर लगभग 1000 से अधिक कार्मिकों की सहभागिता से अभियान को सफल बनाया गया।

अधिकारियों ने किया सत्रों का निरीक्षण और छात्राओं से संवाद

मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सिद्धार्थ जैन ने सन्मति हायर सेकंडरी स्कूल, अत्रिदेवी शासकीय कन्या विद्यालय (सुदामा नगर), संत विद्यापीठ वार्ड क्रमांक 81 एवं गरिमा स्कूल (बाणगंगा) का भ्रमण कर टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण किया तथा किशोरी छात्राओं से संवाद कर उन्हें जागरूक किया। इसी प्रकार अन्य विकासखंडों में भी विभिन्न अधिकारियों द्वारा सतत मॉनिटरिंग की गई।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम

सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) का कैंसर है, जो भारत में महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। लगभग 99.7% मामलों का कारण ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) संक्रमण होता है। 

एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित एवं प्रभावी

2006 से अब तक 500 मिलियन से अधिक डोज़ वितरित
सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह प्रमाणित
अत्यंत दुर्लभ मामलों में ही एलर्जी प्रतिक्रिया देखी गई
भारत में Cervarix, Gardasil, Gardasil-9 एवं Cervavac वैक्सीन उपयोग हेतु अनुमोदित हैं।

14 वर्ष की किशोरियों के लिए विशेष अभियान

भारत सरकार द्वारा 14 वर्ष की आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने की सिफारिश की गई है। यह वैक्सीन एकल खुराक में प्रभावी है और संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करती है।
अभियान के तहत उन किशोरियों को प्राथमिकता दी जा रही है जिन्होंने अभी तक टीकाकरण नहीं कराया है।

महत्वपूर्ण तथ्य

मासिक धर्म के दौरान भी टीकाकरण सुरक्षित
80% से अधिक कवरेज से संक्रमण का सामुदायिक जोखिम कम, समय पर उपचार न होने पर संक्रमण कैंसर में परिवर्तित हो सकता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने महाअभियान की सफलता पर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ सहित सभी सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि सूक्ष्म कार्ययोजना के अनुसार अभियान संचालित कर इसे सफल बनाया गया है। यह महाअभियान 10 अप्रैल 2026 को भी जारी रहेगा।

इंदौर से ENCOUNTER NEWS M.P

Post a Comment

0 Comments