शासकीय जमीन पर अवैध कब्जेदारों के विरुद्ध न्यायालीन प्रक्रिया कों लेकर कलेक्टर के सख्त निर्देश Indore Collector issues strict directives regarding legal proceedings against illegal occupants of government land.

स्वामित्व रजिस्ट्री तथा अविवादित नामांतरण के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर 8 तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को शोकाज नोटिस  जारी
----
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में लापरवाही बरतने पर दो तहसीलदारों की वेतन वृद्धि रोकने के दिये निर्देश- कलेक्टर श्री वर्मा
-----
सीमांकन, बटांकन, नामांतरण के प्रकरणों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूर्ण करें
----
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न
इंदौर, 24 अक्टूबर 2026
  कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टर  कार्यालय में आज राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अधिकारीवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित न रखे जाएं। बैठक में अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा, भू आवंटन,तथा सीमांकन प्रकरणों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।

  कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि अविवादित प्रकरणों का निराकरण  प्राथमिकता के साथ  किया जाए और विवादित प्रकरणों में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध रूप से निर्णय लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रकरणों के निराकरण में गति लाई जाए तथा राजस्व वसूली में तेजी लाये।
  बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने स्वामित्व रजिस्ट्री में देरी, अविवादित नामांतरण प्रकरण में विलंब, समय-सीमा में कार्य  नहीं करना, अनुशासनहीनता आदि को लेकर  जिले के 8 तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों  को शोकाज नोटिस जारी किये गये। साथ ही  सीएम हेल्पलाइन में अच्छा प्रदर्शन नहीं करने पर 2 तहसीलदारों की  दो-दो दिन की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए है।
 बैठक में सीएम हेल्पलाइन के तहत दर्ज आवेदनों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निराकरण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि आवेदक की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए। अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित रखने अथवा गलत निराकरण दर्ज करने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
 कलेक्टर श्री वर्मा ने अभिलेख दुरुस्ती के कार्य को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों में किसी भी प्रकार की त्रुटि को नियमानुसार दुरुस्त किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। शासकीय भूमि तथा अन्य राजस्व प्रकरण, जो न्यायालयों में विचाराधीन हैं, उनकी भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में शासन का पक्ष समय पर और मजबूती से रखा जाए। संबंधित अधिकारी न्यायालयीन प्रकरणों में जवाब प्रस्तुत करने तथा शासन का पक्ष रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें। उन्होंने कहा कि शासन के पक्ष को समय पर प्रस्तुत नहीं करने अथवा न्यायालयीन प्रकरणों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। 
 कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में राजस्व प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें और लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आम नागरिकों से जुड़ा विभाग है, इसलिए नागरिकों को समय पर और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक में अभिलेख दुरस्ती, रेरा, जनसुनवाई, फार्मर रजिस्ट्री, आधार कार्ड केवायसी, सीएस, मॉनिट, सीएम मॉनिट, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि विषयों पर भी चर्चा की गई। 
 बैठक में अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार, श्री रिंकेश वैश्य, संयुक्त कलेक्टर सुश्री श्रुति अग्रवाल एवं  अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #Indore #RevenueAdministration #GoodGovernanceJourney 
CM Madhya Pradesh 
Department Of Revenue, Madhya Pradesh

Post a Comment

0 Comments