इंदौर में शासकीय भूमि से कब्जा हटाने और अवैध कॉलोनियों के विरूद्ध चल रहे अभियान को और अधिक तेज कर प्रभावी बनाया जाएगा, Encroachers on Govt. Lands to be speedily actioned

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक सम्पन्न
----
कलेक्टर श्री वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के दिए निर्देश

इंदौर 5 अक्टूबर 2026

 कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज समय-सीमा पत्रों के निराकरण (टीएल) की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा पत्रों तथा जनसमस्याओं के निराकरण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण और अवैध कब्जा हटाने तथा अवैध कॉलोनियों के विरूद्ध चल रहे अभियान को और अधिक तेज कर प्रभावी बनाया जाए। 


सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 बैठक में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करें तथा आवेदकों को संतुष्टिपूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने रेंडम रूप से 5 प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की। प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्त्याावसायी विकास निगम की सहायक ग्रेड-3 को शौकाज नोटिस देने, राशन कार्ड संबंधी शिकायत पर जांच कर दोषी अधिकारी के विरूद्ध कार्रवाई करने, नामांतरण नहीं होने संबंधी शिकायत के निराकरण में लापरवाही करने पर विस्तृत जांच करने, इंदौर विकास प्राधिकरण की एक शिकायत में संपदा अधिकारी तथा संपदा अधिकारी वर्ग-2 का पाँच दिवस का वेतन काटने और कृषि महाविद्यालय में एक छात्र को आवास भत्ते संबंधी शिकायत के निराकरण में लापरवाही करने पर एल-1 अधिकारी को शौकाज नोटिस देने के निर्देश दिए। 

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और अवैध कब्जे रोकने के निर्देश

 कलेक्टर श्री वर्मा ने शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने तथा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की गतिविधियों को प्रभावी रूप से रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। श्री वर्मा द्वारा साथ ही अवैध कॉलोनियों के विकास पर प्रभावी रोक लगाने तथा अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।  

फायर सेफ्टी व्यवस्था का नियमित निरीक्षण करें

 कलेक्टर श्री वर्मा ने जिले में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थलों पर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए। जहां आवश्यक अग्नि सुरक्षा प्रबंध नहीं पाए जाएं, वहां संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 बैठक में इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, अपर कलेक्टर श्री नवजीवन पवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु प्रजापति, वनमंडलाधिकारी श्री सुधाकर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
----

Post a Comment

0 Comments