बिसनावदा जिला इंदौर की उचित मूल्य दुकान निलंबित
अनियमितताओं पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई
इंदौर 25 जून 2026
इंदौर जिले के ग्राम बिसनावदा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में लगातार मिल रही शिकायतों और सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रकरणों के आधार पर कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर जिला प्रशासन की टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक श्री एम.एल.मारू ने बताया कि 30 मार्च 2026 को क्षेत्रीय कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्रीमती सुचिता दुबे द्वारा ग्राम पंचायत बिसनावदा, जनपद पंचायत इंदौर ग्रामीण में सतीमाता स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान (कोड क्रमांक 805013) की जांच की गई। जांच के दौरान दुकान पर विक्रेता नेहा एवं सहायक विक्रेता दीपक गिनावा अनुपस्थित पाए गए। साथ ही स्टॉक एवं भाव सूची बोर्ड अद्यतन नहीं मिला तथा पिछले दो माह के राशन वितरण संबंधी फ्लेक्स एवं बैनर भी अनुपस्थित पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि दुकान समय पर और नियमित रूप से नहीं खोली जा रही थी। आमजन से अभद्र व्यवहार किए जाने, पीओएस मशीन से हितग्राहियों को पावती पर्ची नहीं देने तथा दबावपूर्वक चायपत्ती जैसी अन्य सामग्री देने की शिकायतें भी सही पाई गईं।
खाद्यान्न के भौतिक सत्यापन में 1.21 क्विंटल गेहूं कम तथा 36 किलो नमक अधिक पाया गया, जिससे स्टॉक में स्पष्ट अनियमितता सामने आई। इन गंभीर गड़बड़ियों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर दुकान आवंटन प्राधिकारी कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राऊ को प्रस्तुत किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राऊ द्वारा 23 जून 2026 को सतीमाता स्वयं सहायता समूह बिसनावदा द्वारा संचालित उक्त उचित मूल्य दुकान को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुकान को आगामी आदेश तक समीपस्थ ग्राम पंचायत रिजलाय स्थित बीजासन आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान (कोड क्रमांक 805023) से संबद्ध किया गया है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
---
ENCOUNTER NEWS MP
0 Comments