नेशनल लोक अदालत में 107 मामलों का हुआ निराकरण : 47 लाख 53 हजार रुपये के अवार्ड पारित, 587 हितग्राही हुए लाभान्वित,107 Cases Resolved at National Lok Adalat; Awards Worth ₹47.53 Lakhs Passed, Benefiting 587 Individuals.

नेशनल लोक अदालत में 107 मामलों का हुआ निराकरण 
इंदौर, 09 मई 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इंदौर के प्रशासनिक  न्यायाधिपति श्री विजय कुमार शुक्ला के आदेशानुसार म.प्र. उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। नेशनल लोक अदालत के समक्ष सिविल (एम.ए.सी.टी.आदि), रिट, क्रिमिनल एवं  अन्य प्रकृति के कुल 318 प्रकरणों को सुनवाई हेतु रखा गया था जिसमें से कुल 107 प्रकरण निराकृत किये जाकर लगभग राशि 47 लाख 53 हजार रुपये के अवार्ड पारित  हुए, उक्त प्रकरणों के निराकरण से 587 पक्षकार लाभान्वित हुए।
 इस वर्ष की द्वितीय नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ आज शनिवार को  उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर के सभागार में प्रशासनिक न्यायाधिपति श्री विजय कुमार शुक्ला, न्यायाधिपति श्री जय कुमार पिल्लई एवं न्यायाधिपति श्री आलोक अवस्थी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर श्री अनूप कुमार त्रिपाठी, प्रिसिंपल रजिस्ट्रार, श्री नीरज मालवीय, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, श्री मनीष यादव ,अध्यक्ष, उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, श्री मनीष गढ़कर सचिव उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ, खण्डपीठ के सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती सुधा श्रीवास्तव, अधिवक्ता श्री भुवन गौतम सहित अन्य अधिवक्तागण, बीमा कंपंनियों के अधिकारीगण, उच्च न्यायालय एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
न्यायाधिपतिगण द्वारा कांफ्रेंस हॉल में उपस्थित सभी व्यक्तियों को नेशनल लोक अदालत की शुभकामनाएं प्रेषित की गई। नेशनल लोक अदालत में उच्च न्यायालय खण्डपीठ इन्दौर की ओर से प्रकरणों को सुनवाई हेतु न्यायाधिपति श्री विजय कुमार शुक्ला, न्यायाधिपति श्री जय कुमार पिल्लई की खण्डपीठों के समक्ष रखा गया जिसमें खण्डपीठों द्वारा 107 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए नेशनल लोक अदालत का वर्चुअल शुभारंभ न्यायमूर्ति श्री संजीव सचदेवा मुख्य न्यायाधिपति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा प्रशासनिक न्यायाधिपति मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर श्री विवेक रुसिया एवं न्यायमूर्तिगण की उपस्थिति में किया गया।

इंदौर से ENCOUNTER NEWS MP 

Post a Comment

0 Comments